*केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने की बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा में 50 बेड के कोविड केयर सेंटर गोद लेने की मांग*
राजकीय जिला अस्पताल बाड़मेर के निरीक्षण के दौरान केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि मुख्य अस्पतालों का कार्यभार घटाने और मरीजों को ज्यादा सुविधा उपलब्ध कराने के हमें सेवा का मौका दीजिए
बाड़मेर।
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने सोमवार को राजकीय जिला अस्पताल बाड़मेर का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों की कुशलक्षेम जानी एवं चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से व्यवस्थाओं के बारे में संवाद किया। केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने इस दौरान अस्पताल में आइसोलेट वरिष्ठ भाजपा नेता और तारातरा मठ के महंत स्वामी प्रतापपुरी से मिलकर उनके स्वास्थ्य की कुशलक्षेम पूछकर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इसके बाद कैलाश चौधरी ने राजकीय महाविद्यालय बायतू में संचालित कोविड सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कोरोना मरीजों के साथ संवाद और चिकित्सा अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि संसदीय क्षेत्र में चिकित्सा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों के निरन्तर सम्पर्क में हूँ, सभी सामूहिक रूप से कोरोना महामारी के इस संकटकाल में सामर्थ्य अनुरूप कार्य करने के लिए कृत संकल्पित है।
कृषि राज्यमंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि देश में बढ़ते कोरोना संकट और अस्पतालों में बेड की किल्लतों के बीच हमने बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा में प्रशासन से 50 बेड के कोविड सेंटर गोद लेने की मांग की है।कैलाश चौधरी ने जिला प्रशासन और चिकित्सा अधिकारियों से मांग की है कि बाड़मेर, जैसलमेर और बालोतरा में 50 बेड के कोविड केयर सेंटर के लिए हमें डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध कराएं। उस कोविड सेंटर में बेड, ऑक्सीजन कंस्ट्रेटर, कोरोना मरीजों को भोजन और जीवन रक्षक दवाओं सहित अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं मेरे सांसद निधि कोष से, भाजपा पार्टी और भामाशाह और हम सब मिलकर करेंगे।
केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि बाड़मेर सहित पूरे राज्य में कोरोना मामलों की संख्या बढ़ रही है।कोरोना संक्रमण की स्थिति बेहद चिंताजनक स्तर पर पहुंच गई है। कोरोना पीड़ित और उनके रिश्तेदारों को इलाज के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कोविड अस्पतालों में बेड, दवा और ऑक्सीजन की तमाम कोशिशों के बावजूद कमी दिखाई दे रही है। ऐसे हालात में भारतीय जनता पार्टी लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहने की नीति को अपनाते हुए लोगों की मदद के लिए आगे बढ़ी है। इसलिए हम 50 बेड वाले कोविड केंद्र स्थापित करना चाहते हैं। इसके लिए प्रशासन आवश्यक डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ उपलब्ध करवाएं और अनुमति प्रदान करे।
कोरोना के खिलाफ भाजपा चलाएगी जनजागरण अभियान : भाजपा पूरे देश में कोरोना महामारी के खिलाफ जनजागरण अभियान चला रही है। लोगों को इस महामारी के प्रति जागरूक करने के साथ ही उन्हें काढ़ा, फेस मास्क व सैनिटाइजर दिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में संसदीय क्षेत्र बाड़मेर जैसलमेर में भी इस अभियान के तहत काढ़ा के पैकेट, सैनिटाइजर एवं फेस मास्क वितरण का लक्ष्य रखा गया है। केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में कोरोना प्रभावितों को लाभ पहुंचाने के मद्देनजर केंद्र सरकार के प्रयासों में भागीदार बनने की बजाए कांग्रेस नकारात्मक राजनीति कर रही है। उन्होंने कोरोना से लड़ने के लिए केंद्र सरकार और भाजपा की ओर से उठाए गए कदमों का ब्योरा भी रखा। चौधरी ने कहा कि भाजपा और केंद्र सरकार कोरोना के खिलाफ युद्ध स्तर पर काम कर रही है। कोरोना के खिलाफ इस जंग अभियान के तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर नागरिकों को मास्क वितरित कर रहे है और साथ ही वैक्सीन लगाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। इसके बाद अब कार्यकर्ता घर-घर जाकर नागरिकों को कोरोना से बचने के लिए जरूरी सावधानी रखने और नजदीकी केंद्र पर वेक्सीनेशन की अपील कर रहे हैं।